शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 · IST
Instagram WhatsApp Telegramलेखक: Adesh Gupta

लुधियाना में बंद मकान से मिला कारोबारी का शव: चेहरे पर चोटों के निशान, चारदीवारी फांदकर घर में घुसा था भाई

क्राइम 23 अक्टू॰ 2026 · 10:50 ISTलेखक: Adesh Gupta
लुधियाना में बंद मकान से मिला कारोबारी का शव: चेहरे पर चोटों के निशान, चारदीवारी फांदकर घर में घुसा था भाई

लुधियाना के गांव लादियां कलां स्थित सरस्वती एन्क्लेव में एक बंद मकान से 55 वर्षीय दूध कारोबारी का कई दिन पुराना शव बरामद हुआ है। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी हत्या की गई है। मृतक की पहचान फिरोजपुर शहर निवासी राजिंदर उर्फ रमेश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में फिरोजपुर के गांव नूरपुर सेठों निवासी जिओना की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस संबंधित सीसीटीवी कैमरे और अन्य थ्योरियों पर जांच में जुटी है। जिओना द्वारा पुलिस को बताया कि उसका भाई राजिंदर उर्फ रमेश कुमार शहर में दूध सप्लाई करने का काम करता था। वह लुधियाना के गांव लादिया कलां स्थित सरस्वती एन्क्लेव में फिरोजपुर की ही रहने वाली एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। राजिंदर का एक बेटा अर्शदीप भी है, जो फिलहाल विदेश में रहता है। परिजनों के मुताबिक, पिछले करीब एक साल से राजिंदर और उस महिला के बीच अनबन चल रही थी, जिसके चलते दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। जिओना ने बताया कि 22 अक्तूबर को जब वे भाई का हालचाल जानने के लिए लुधियाना स्थित उनके घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। काफी देर आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वे घर की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मकान के भीतर चारपाई पर उनके भाई राजिंदर का शव पड़ा हुआ था, जिससे तेज बदबू आ रही थी। उनके चेहरे पर गहरी चोट के निशान थे। स्थिति को देखकर लगता है कि कई दिन पहले किसी अज्ञात व्यक्ति ने चेहरे पर घातक हथियार या भारी वस्तु से वार कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।

स्रोत: मूल खबर पढ़ें

लेखक के बारे में

Adesh Gupta · News9 Nation के संपादक। देश-दुनिया की ताज़ा खबरों का विश्लेषण और लाइव अपडेट।