बदायूं: गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के गांव विजय नगला निवासी युवक ने शुक्रवार रात आत्महत्या कर ली। उसका शव गांव की पूर्व दिशा में कुछ दूरी पर एक खेत में खड़े नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। शनिवार सुबह गांव के लोग अपने खेतों पर पहुंचे तो उन्होंने उसकी शिनाख्त की। परिवार को सूचना मिलने के साथ कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर शव को फंदे से उतारा और साक्ष्य जुटाए। विजय नगला निवासी छत्रपाल (38 वर्ष) चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने छोटे भाई राजकुमार के साथ रहते थे। उनके पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है, घर में उनकी बुजुर्ग मां है। चारों भाइयों पर सिर्फ लगभग पांच बीघा जमीन है। सभी भाई मेहनत मजदूरी कर अपने-अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। छत्रपाल भी मेहनत मजदूरी करते थे। छोटे भाई राजकुमार के साथ रहते थे तो उनके घर का कुछ खर्च भी उठाते थे। मृतक के छोटे भाई राजकुमार ने बताया कि छत्रपाल शराब के आदी थे। जब मन होता तब घर से निकल जाते थे। इसी तरह शुक्रवार की रात करीब नौ बजे वह उठकर घर से चले गए थे। पड़ोसी कुंवर चंद ने अपने खेत में नीम के पेड़ पर छत्रपाल का शव लटका देखा। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि परिवार वालों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। ना किसी तरह का आरोप लगाया है। सिर्फ पोस्टमार्टम कराने को कहा है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
स्रोत: मूल खबर पढ़ें
लेखक के बारे में
Adesh Gupta · News9 Nation के संपादक। देश-दुनिया की ताज़ा खबरों का विश्लेषण और लाइव अपडेट।