अलीगढ़: आठ साल की मासूम से तहेरे भाई ने घेर में ले जाकर किया दुष्कर्म, आरोपी किशोर लिया हिरासत में

बरला थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय मासूम के साथ उसके तहेरे भाई ने दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने बताया कि रविवार की सुबह वह बच्चों को घर पर छोड़कर मजदूरी करने खेत में गई थी। थानाध्यक्ष सरिता सिंह ने बताया कि आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की मां के अनुसार, रविवार की छुट्टी के कारण 10 वर्ष का बेटा और आठ वर्ष की बेटी घर पर थे। वह जेठानी के साथ खेतों में काम करने गई थीं। जेठानी के 12 और 14 साल के दो बेटे उनके बच्चों के साथ आकर खेलने लगे। इसी बीच जेठानी का बड़ा बेटा बहाने से बेटी को घेर में ले गया और वहां दुष्कर्म किया। दोपहर बाद खेत से लौटने पर बेटी ने पूरी बात बताई। इसके बाद पीड़िता को लेकर उसकी मां और आरोपी की मां परिवार की अन्य महिलाओं सहित अतरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची जहां बच्ची का प्राथमिक उपचार हुआ। सूचना पर सीओ बरला संजय त्यागी, थानाध्यक्ष सरिता सिंह भी सीएचसी पहुंचे और बेहतर उपचार के लिए उसे अलीगढ़ भेजा। खबर पाकर बच्ची के पिता भी काम छोड़कर सीएचसी पहुंच गए। घटना से बच्ची की मां और आरोपी की मां सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आरोपी की मां बार-बार अपने बेटे को कोस रही थी।
स्रोत: मूल खबर पढ़ें
लेखक के बारे में
Adesh Gupta · News9 Nation के संपादक। देश-दुनिया की ताज़ा खबरों का विश्लेषण और लाइव अपडेट।